Next Story
Newszop

सिक्किम में भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर भूस्खलन, पुल और सड़कें क्षतिग्रस्त, 1000 से ज्यादा पर्यटक फंसे

Send Push

उत्तरी सिक्किम में भारी बारिश हो रही है, जिसके कारण देर रात लाचेन चुंगथांग रोड पर मुंशीथांग और लाचुंग चुंगथांग के बीच लेमा/बॉब में भारी भूस्खलन हुआ। भूस्खलन के कारण सड़क अवरुद्ध हो गई है, जिसके कारण करीब 1000 पर्यटक और उनके वाहन सड़क पर फंस गए हैं। स्थिति को देखते हुए उत्तरी सिक्किम के मंगन जिले के एसपी सोनम देचू भूटिया ने पर्यटकों और आम लोगों के लिए कड़ी चेतावनी जारी की है।

उन्होंने कहा कि चुंगथांग जाने वाली सड़क खुली है, लेकिन भारी बारिश के कारण सड़क कीचड़युक्त और फिसलन भरी है। आगे भूस्खलन के कारण सड़क अवरुद्ध है। इसलिए, उत्तरी सिक्किम जाने के लिए परमिट जारी करना प्रतिबंधित है। इसके अलावा, पहले जारी किए गए परमिट भी अगले आदेश तक अवैध घोषित किए जाते हैं। आदेश का उल्लंघन करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

3 पर्यटन स्थलों की सड़कें प्रभावित

एसपी सोनम देचू भूटिया के अनुसार जिस इलाके में भूस्खलन हुआ, वहां लगातार बारिश हो रही है, इसलिए सड़कें चलने लायक नहीं रह गई हैं। खराब मौसम, भारी बारिश और भूस्खलन के खतरे की आशंका के चलते परमिट रद्द करने की घोषणा की गई है। भूस्खलन के कारण लाचेन, लाचुंग और युमथांग जैसे पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाली सड़कें बंद कर दी गई हैं।

ये तीनों पर्यटन स्थल वसंत और ग्रीष्म ऋतु में लोकप्रिय पर्यटन स्थल हैं, लेकिन इनकी सड़कों पर यात्रा करना जोखिम भरा है क्योंकि भूस्खलन और सड़क टूटने का खतरा बढ़ जाता है। आम लोगों से भी अपील है कि वे सड़कों पर सावधानी से वाहन चलाएं, अन्यथा वे दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। बारिश के कारण सड़कें फिसलन भरी हैं।

Loving Newspoint? Download the app now